Showing posts with label चित्रकार. Show all posts
Showing posts with label चित्रकार. Show all posts

Wednesday, January 28, 2009

खुशी से आई एक खुश खबर







दिल्ली में होने वाले चैरिटी अॉक्शन में इंदौर के तीन चित्रकार शामिल
यह शहर के कला-जगत की एक और खुश खबर है कि खुशी द्वारा किए जाने वाले चैरिटी अॉक्शन इंडिया अॉन कैनवास में शहर के तीन चित्रकारों के चित्र शामिल हैं। ये तीन अमूर्त चित्रकार हैं अनीस नियाजी, राजेश शर्मा और विशाल जोशी। प्रदेश के दो अन्य चित्रकार अखिलेश और मनीष पुष्कले भी इसमें शामिल हैं। यह आक्शन 6 फरवरी को दिल्ली में होगा जिसमें देश के नामी-गिरामी कलाकारों के साथ इन तीनों कलाकारों के चित्रों की बोली लगेगी। इसमें कुल 92 चित्रकार हैं जिसमें फ्रांसिस न्यूटन सूजा, तैयब मेहता, रामकुमार, अंजलि इला मेनन, परेश मैटी जैसे ख्यात चित्रकार शामिल हैं। इसका एक प्रिव्यू 31 जनवरी को दिल्ली में होगा। इस मौके पर देश की तमाम मशहूर हस्तियां मौजूद होंगी। जाहिर है देश के कला-जगत में शहर के रंग अपना जलवा बिखेर रहे हैं। इसी आक्शन को अप्रैल में दुबई में किया जाएगा। इस आक्शन के लिए आनलाइन बोली भी लगाई जा सकेगी।
अनीस नियाजी इस खबर से बेहद खुश हैं। वे कहते हैं मैंने डीएलएफ के शिव सिंह के साथ एक ही कैनवास पर अमूर्त चित्रकारी की है और हमारी इस अमूर्त जुगलबंदी में दोनों कलाकारों को खूब आनंद आया। हम दोनों ही चूंकि अमूर्त चित्रकारी में प्रयोगात्मक हैं इसलिए हमारी आसान संगति रही। हमने 48 बाय 50 के कैनवास पर एक्रिलिक रंगों में काम किया है और इसकी शुरुआती बोली पांच लाख रुपए है। जबकि चित्रकार राजेश शर्मा कहते हैं कि यह आक्शन कला और मकसद का मिला-जुला अभियान जैसा है क्योंकि इससे जो राशि हासिल होगी वह खुशी (किनशिप फार ह्यूमेनिटेरियन, सोशल एंड होलिस्टिक इंटरवेंशन इन इंडिया) द्वारा ग्रामीण और शहरी गरीबों के सामाजिक-शैक्षिक-आर्थिक उत्थान के कामों में लगाई जाएगी। मैंने 60 बाय 60 इंच के कैनवास पर पीले रंग से अपनी भावनाअों को अभिव्यक्त किया है। इस चित्र की शुरूआती बोली दो लाख रूपए है।
विशाल कहते हैं कि मैंने 68 बाय 45 इंच के कैनवास पर रोज शीर्षक से चित्र बनाया है। मेरे लिए गुलाब के आकार से ज्यादा मायने रखती है उसकी फीलिंग यानी खुशबू। उसकी आंतरिक सौंदर्य। इसलिए मैंने गुलाब की बाहरी सुंदरता और चमक के साथ ही उसकी खूशबू को रचने की कोशिश की है क्योंति अंततः गुलाब की आत्मा उसकी खुशबू में ही बसती है। इसके लिए मैंने लाल के साथ गोल्डन रंग का कल्पनाशील इस्तेमाल किया है। इसकी शुरुआती बोली एक लाख पिचहत्तर हजार रुपए है।
पेंटिंग्स ः क्रमशः राजेश शर्मा, अनीस नियाजी और विशाल जोशी